Ranbeer Singh: रणवीर सिंह के न्यूड फोटोशूट से भावनाएं आहत चेंबूर थाने में दर्ज हुई शिकायत


Publish Date: | Mon, 25 Jul 2022 09:03 PM (IST)

Ranbeer Singh: एक तरफ रणवीर सिंह अपने बोल्ड फोटोशूट की वजह से चर्चा में हैं, तो दूसरी तरफ उनकी इन तस्वीरों से कुछ लोगों की भावनाएं आहत हो गई हैं। वैसे तो सोशल मीडिया कई सेलेब्रिटीज और फैन्स ने उनके इस फोटोशूट की आलोचना की है, लेकिन इससे ज्यादा किसी ने कुछ नहीं किया। रणवीर सिंह ने भी इन आलोचनाओं का बुरा नही माना। लेकिन अब उनकी मुश्किलें बढ़ सकती है। मुंबई के चेंबूर थाने में उनके खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई गई है। सोमवार को मुंबई पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें कहा गया है कि बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह के अपनी न्यूड तस्वीरें शेयर करने से “महिलाओं की भावनाएं आहत” हुई हैं, इसलिए उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाए।

ये शिकायत बीजेपी के नेता और अधिवक्ता अखिलेश चौबे ने दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने कहा कि अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपनी न्यूड तस्वीरों से महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। शिकायतकर्ता ने अभिनेता के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। वैसे पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की है।

आपको बता दें कि रणवीर सिंह ने हाल ही में एक फोटोशूट की तस्वीरें शेयर कर सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया था। यह फोटोशूट 70 के दशक के पॉप आइकन बर्ट रेनॉल्ड्स को श्रद्धांजलि है, जो कॉस्मोपॉलिटन पत्रिका के लिए 1972 के एक शूट में न्यूड हो गए थे। उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तारीफ के साथ-साथ आलोचना के भी तमाम कमेंट्स आ रहे हैं। वहीं रणवीर सिंह ने कहा है कि ये कोई बड़ी बात नहीं है। मैं हजार लोगों के सामने भी नंगा हो सकता हूं।

Posted By: Shailendra Kumar

 





Source link