ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, टेस्ला (Tesla) के सीईओ एलन मस्क की संपत्ति में इस साल 36 फीसदी का इजाफा हुआ है। टेस्ला इलेक्ट्रिक व्हीकल और होम सोलर बैटरीज बेचती है। मस्क स्पेसएक्स के भी सीईओ हैं। यह एक रॉकेट मैन्यूफैक्चरर है। इसके अलावा मस्क की ट्विटर में भी बहुसंख्यक हिस्सेदारी है। ट्विटर को खरीदने के बाद से मस्क काफी ज्यादा विवादों में भी रहे। इस साल की शुरुआत में एलन मस्क की संपत्ति (Elon Musk Net Worth) 137 अरब डॉलर थी। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के मुताबिक, सिर्फ 2 महीने में उनकी संपत्ति में 50 अरब डॉलर से अधिक का उछाल आया है।
अब उनकी संपत्ति 187 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। वहीं, बर्नार्ड अरनॉल्ट की नेटवर्थ इस साल 23.3 अरब डॉलर बढ़कर 185 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। तीसरे स्थान पर हैं ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस। उनकी संपत्ति 117 अरब डॉलर है। चौथे स्थान पर 114 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ बिल गेट्स का स्थान है। वहीं, पांचवें स्थान पर वॉरेन बफे हैं, जिनकी संपत्ति 106 अरब डॉलर है।