![Weather Alert: 16 जून को दिल्ली आ जाएगा मानसून, अगले 24 घंटे में इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश - Times Bull 1 monsoon 1](https://www.timesbull.com/wp-content/uploads/2022/06/monsoon-1.png)
नई दिल्लीः उत्तर भारत में आज दिनभर प्रचंड गर्मी का दौर जारी रहा है, जिसके चलते तापमान में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व एनसीआर सहित तमाम इलाकों में दिनभर चिलचिलाती धूप लोगों की जिंदगी के लिए शामत बनी रही। सुबह से दोपहर होते-होते तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया।
तेज गर्मी के बीच मानसून को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। माना जा रहा है कि 16 तक दिल्ली में मानसून प्रवेश कर जाएगा। इस बीच भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने देश के कई इलाकों में आंधी के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
- इन हिस्सों में आफत बनेगी भीषण गर्मी
आईएमडी के मुताबिक, 15 जून तक दिल्ली, हरियाणा, उत्तर पश्चिमी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू की स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है। वहीं इन हिस्सों में 16 जून से बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई हैं।
- इस दिन से प्री मानसून बारिश हो सकती है शुरू
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 17 जून से प्री-मॉनसून गतिविधियां शुरू होने की संभावना जताई गई हैं। बता दें कि शनिवार को आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून ने दस्तक दे दी है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक,15 जून से पूर्वी भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
- यहां होगी भारी बारिश
भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) के मुताबिक, आगामी 4 दिनों के तक पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, बिहार और झारखंड में अगले दो दिनों तक बारिश होने की उम्मीद लगी है।
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में 14 जून तक गरज के साथ बारिश जारी रहने की उम्मीद जताई गई है। मुंबई में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया। कई राज्यों में बारिश का अनुमान है। वहीं अगले 2 दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और इससे सटे पूर्वी भारत के अलग-अलग हिस्सों में हीट वेव की स्थिति जारी रहने की संभावना है।