130Km टॉप स्‍पीड वाली ‘फ्लाइंग इलेक्ट्रिक कार’ की दुबई में हुई टेस्टिंग, जानें कब शुरू होगी सर्विस


फ्लाइंग कार नई बात नहीं हैं। बीते कुछ साल से इनके बारे में खबरें सामने आती रही हैं। कहा जाता है कि हवा में उड़ने वाली कारों के आने से सड़कों पर ट्रैफ‍िक में कमी आएगी। अब लगता है कि फ्लाइंग कार हकीकत बन सकती हैं। जानी मानी चीनी टेक और इलेक्ट्रिक वीकल कंपनी Xpeng ने अपनी ‘फ्लाइंग टैक्सी’ को दुबई में टेस्ट किया है। इस दौरान कंपनी की ‘X2 फ्लाइंग कार’ ने पहली सफल उड़ान भरी। हालांकि इस सर्विस को आमलीजामा पहनने में अभी कई साल लगेंगे, क्‍योंकि जब तक बड़े पैमाने पर इन कारों की टेस्टिंग नहीं की जाएगी, तब तक आम लोगों को फ्लाइंग कार के बारे में जानकर ही संतुष्‍ट होना पड़ेगा।   

‘फ्लाइंग टैक्सी’ को यूएई (दुबई) के मरीना जिले में टेस्ट किया गया। शानदार तरीके से डिजाइन की गई इस टैक्सी में दो यात्री कहीं भी आ जा सकते हैं। इसे बनाने में 8 प्रोपेलर इस्तेमाल हुए हैं। ‘फ्लाइंग टैक्सी’  के कुछ स्‍पेसिफ‍िकेशंस भी सामने आए हैं।  कंपनी ने बताया है कि उसके वीकल की टॉप स्पीड 130 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह वीकल वर्टिकल टेक ऑफ और लैंडिंग (VTOL) क्षमताओं के साथ आता है। 
 

और तो और Xpeng की ‘X2 फ्लाइंग कार’ इंटेलिजेंट फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम के साथ आती है। इसमें ऑटोनॉमस क्षमताएं भी हैं। यह वीकल पूरी तरह से इलेक्ट्रिक है। कंपनी का दावा है कि यह जीरो कार्बन उत्‍सर्जित करता है। यह फ्लाइंग कार बिना पायलट की मदद के उड़ान भर सकती है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह लोगों के लिए बड़ी सहूलियत बन सकती हैं। हालांकि यह सेक्‍टर अभी कई चुनौतियों का सामना कर रहा है, जिनमें बैटरी लाइफ, एयर ट्रैफ‍िक कंट्रोल और सेफ्टी बड़े मुद्दे हैं। सबसे  अहम बात इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर की भी है, जिसे डेवलप किया जाना बाकी है। 

बताया जाता है कि Xpeng की ‘X2 फ्लाइंग कार’ अपने साथ 500 किलो वजन तक ले जा सकती है। यह कितनी कामयाब साबित होगी, इसका पता आने वाले वर्षों में चलेगा। सोमवार को जब इस कार का प्रदर्शन किया गया, तब इसे देखकर सभी हैरान और चकित हुए। कहने को यह एक फ्लाइंग कार है, लेकिन डिजाइन किसी कार से बहुत अलग है। कंपनी का कहना है कि उसने जुलाई 2021 में एक मानवयुक्त उड़ान परीक्षण किया था। 

 

लेटेस्ट टेक न्यूज़, स्मार्टफोन रिव्यू और लोकप्रिय मोबाइल पर मिलने वाले एक्सक्लूसिव ऑफर के लिए गैजेट्स 360 एंड्रॉयड ऐप डाउनलोड करें और हमें गूगल समाचार पर फॉलो करें।

संबंधित ख़बरें





Source link