![Bigg Boss 16 Promo: अब्दु रोजिक ने गाया सलमान खान के लिए गाना, स्टेज पर हुई जमकर मस्ती 1 16 1664546886](https://images1.livehindustan.com/uploadimage/library/2022/09/30/16_9/16_9_1/16_1664546886.jpg)
‘बिग बॉस 16’ (Bigg Boss 16) का प्रीमियर कल यानी 1 अक्टूबर को होगा। प्रशंसकों का इंतजार अब महज कुछ घंटों का ही रह गया है। उत्सुकता को बढ़ाते हुए कई प्रोमो तो रिलीज किए गए लेकिन एक कंटेस्टेंट को छोड़कर बाकी का चेहरा अभी रिवील नहीं किया गया है। ‘बिग बॉस 16’ का नया प्रोमो शुक्रवार की शाम को रिलीज किया गया। इसमें सलमान के साथ तजाकिस्तान के सिंगर अब्दु रोजिक (Abdu Rozik) नजर आ रहे हैं। वह पहले कन्फर्म कंटेस्टेंट भी हैं जिनका आधिकारिक तौर पर पहले ही ऐलान किया जा चुका है।
सलमान संग अब्दु की मस्ती
लेटेस्ट प्रोमो में अब्दु स्टेज पर आते हैं। सलमान उन्हें गले लगाते हैं। अब्दु सलमान खान की फिल्म ’मैंने प्यार किया’ का लोकप्रिय गाना ‘दिल दीवाना’ गाते हैं। वह अपने मुक्केबाजी का टैलेंट भी दिखाते हैं और हवा में पंच लगाते हैं। अब्दु ने बताया कि वो खाना बनाना जानते हैं तब सलमान उनसे पूछते हैं, ‘आप क्या खाना बनाते हैं?’ तो वह बताते हैं कि वह बर्गर बनाना जानते हैं। बाद में सलमान उनके लिए बर्गर मंगाते है जिसे अब्दु खाते हुए नजर आते हैं।
कल से प्रसारित होगा शो
प्रोमो को कलर्स टीवी के सोशल मीडिया पेज से शेयर किया गया है। इसके साथ कैप्शन में लिखा है, ‘अब्दु रोजिक अपने अंदाज में करेंगे आपको एंटरटेन, क्या आप तैयार हैं बिग बॉस के घर में उनका स्वागत करने के लिए? देखिए बिग बॉस 16 कल से, रात 9.30 बजे सिर्फ, कलर्स पर।‘
सलमान ने फिल्म में भी दिया मौका
बता दें कि 27 सितंबर को ‘बिग बॉस 16’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई थी जहां सलमान खान ने अब्दु रोजिक से मिलवाया था। सलमान ने यह भी बताया था कि वह उनकी आने वाली फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में काम करेंगे।