Twitter Meta Layoffs : एक के बाद एक कंपनियां कर रहीं डिजिटल छंटनी, आखिर यह चल क्या रहा है?


नई दिल्ली : एलन मस्क (Elon Musk) ने ट्विटर का मालिक बनने के बाद करीब आधे कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। उन्होंने 27 अक्टूबर को 44 अरब अमेरिकी डालर देकर 39 करोड़ 60 लाख मेंबर्स वाला यह प्लेटफॉर्म खरीदा था। मस्क के सौदे ने ट्विटर (Twitter) को निजी बना दिया है। ट्विटर के बोर्ड को भंग कर दिया गया और सीईओ के रूप में मस्क की एकतरफा पावर को बढ़ाया गया। लेकिन उनके नियंत्रण संभालने के बाद से बड़े पैमाने पर पुनर्गठन की घोषणाओं की विश्व स्तर पर चर्चा हो रही है।

आते ही शुरू की छंटनी
ट्विटर के पुनर्गठन की मस्क की योजना शीर्ष अधिकारियों की छंटनी के साथ शुरू हुई। इसके बाद ट्विटर के वैश्विक कर्मचारियों के लगभग आधे लोगों को ईमेल भेजा गया कि उनकी नौकरी खतरे में है। कर्मचारियों को भेजे मैसेज में मस्क ने छंटनी के पीछे कारण दिया कि वे ट्विटर को स्वस्थ रास्ते पर रखने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी की सफलता को आगे बढ़ाने के लिए दुर्भाग्य से यह छंटनी आवश्यक है।

कर्मचारियों को भेजा खौफनाक मेल

काफी वायरल हुए इस मेमो में कर्मचारियों से कहा गया कि उन्हें मेल से पता चलेगा कि उनकी नौकरी बची है या चली गई। मेल में लिखा गया था, ‘आप स्पैम फोल्डर सहित अपना मेल चेक करें। अगर आपकी नौकरी प्रभावित नहीं हुई है, तो आपको आपके ट्विटर ई-मेल के जरिए एक नोटिफिकेशन मिलेगा। अगर आपकी नौकरी प्रभावित हुई है, तो आपको अगले कदम के लिए आपके पर्सनल ई-मेल पर नोटिफिकेशन मिलेगा। लेकिन कुछ कर्मचारियों के ट्वीट से पता चला कि उन्हें ईमेल आने से पहले ही पता चल गया था कि उनके वर्क अकाउंट या अन्य आंतरिक प्रणालियों तक उनकी पहुंच को रोक दिया गया है।

अमानवीय है यह डिजिटल छंटनी
इस तरह से कर्मचारियों को बर्खास्त करना अमानवीय, कठोर और संवेदना की कमी को दर्शाता है। ट्विटर के यूरोपीय मुख्यालय आयरलैंड में ताओसीच (आयरलैंड के प्रधान मंत्री) ने ट्विटर के कदमों को ‘अस्वीकार्य’ बताया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से सम्मान और गरिमा के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए।

जूम वेबिनार पर छंटनी
दुर्भाग्य से ट्विटर का दृष्टिकोण हाल के वर्षों में बड़ी संख्या में कंपनियों द्वारा अपनाई गई रणनीतियों से मिलता जुलता है। स्वीडिश वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) कंपनी क्लारना ने पिछले मई में 700 कर्मचारियों की छंटनी की। कंपनी ने उन्हें इस संबंध में सूचित करने के लिए एक लिखित संदेश भेजा। जबकि एक अन्य कंपनी ने मार्च में जूम पर 800 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया था। मॉर्गेज कंपनी बेटर डॉट कॉम ने 2021 में जूम पर 900 कर्मचारियों को निकाल दिया था। एक साल बाद इलेक्ट्रिक स्कूटर कंपनी बर्ड ने 400 से अधिक कर्मचारियों को बर्खास्त करने के लिए जूम वेबिनार का इस्तेमाल किया।

ट्विटर ने कर्मचारियों को भेजे अलग-अलग मैसेज

ट्विटर विश्व स्तर पर संचालित होता है और रोजगार नियमन देशों और यहां तक कि अमेरिका के राज्यों के बीच भिन्न होता है। दरअसल, ट्विटर के कर्मचारियों को भेजे गए मैसेज इस आधार पर भिन्न थे कि वे कहां स्थित थे। अमेरिका में संघीय कर्मचारी समायोजन और पुनर्प्रशिक्षण अधिसूचना (WARN) अधिनियम के तहत 100 या अधिक कर्मचारियों वाले नियोक्ताओं को श्रमिकों की सामूहिक बर्खास्तगी की स्थिति में 60 दिनों का नोटिस प्रदान करने की आवश्यकता होती है।

तीन महीने के वेतन की पेशकश

वैकल्पिक रूप से, नियोक्ता श्रमिकों को 60 दिनों का अतिरेक वेतन प्रदान कर सकते हैं। तीन नवंबर को कैलिफोर्निया में ट्विटर के कर्मचारियों द्वारा अपना मुकदमा दायर करने के बाद, मस्क ने अगली रात ट्वीट किया कि प्रत्येक बर्खास्त कर्मचारी को तीन महीने के वेतन की पेशकश की जाएगी।

कर्मचारियों के साथ करना चाहिए परामर्श

यूके और यूरोपीय संघ के कानून के तहत, कंपनियों को बड़े पैमाने पर छंटनी के बारे में कर्मचारियों के साथ परामर्श करना चाहिए। इससे यह समझा जा सकता है कि यूके और आयरलैंड में ट्विटर कर्मचारियों को थोड़ा अलग शब्दों में ईमेल पर इस बारे में सूचना क्यों दी गई है कि उनकी नौकरी ‘‘संभावित’’ प्रभावित या ‘‘जोखिम में’’ है।

यूके और आयरलैंड के कर्मचारियों को भेजा यह मैसेज

यूके के कर्मचारियों को शुक्रवार चार नवंबर को भेजे गए एक ईमेल में कहा गया है कि उनके पास औपचारिक परामर्श में उनका प्रतिनिधित्व करने के लिए किसी को नामित करने के लिए अगले मंगलवार को सुबह 9 बजे तक का समय है। ट्विटर ने आयरलैंड में कर्मचारियों को सूचित किया है कि उन्हें औपचारिक परामर्श प्रक्रिया में शामिल होने के लिए कर्मचारी प्रतिनिधियों को भी नामित करना चाहिए।

प्रतिष्ठा से जुड़ा जोखिम

अनिश्चितता के इस स्तर के साथ यह आश्चर्य की बात नहीं है कि कुछ ट्विटर कर्मचारी छंटनी से पहले यूनियनों में शामिल हो रहे हैं। यूके में, प्रॉस्पेक्ट कम से कम कुछ ट्विटर कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व कर रहा है और कहता है कि यह सदस्यों को उनकी आजीविका की रक्षा के लिए सहायता देगा। ट्रेड यूनियनों की आयरिश कांग्रेस ने तर्क दिया है कि यह मामला उद्योगों में श्रमिकों को सामूहिक आवाज के रूप में यूनियनों में शामिल होने के लिए बेहतर अवसर और अधिकार प्राप्त करने की आवश्यकता पर प्रकाश डालता है। इसी तरह, संयुक्त राष्ट्र, जो ‘‘गरिमापूर्ण काम और आर्थिक विकास’’ की वकालत करता है, भी मस्क के ट्विटर के अधिग्रहण के बाद टिप्पणी करने पर मजबूर हो गया।

संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त ने जारी किया ओपन लेटर

मानवाधिकारों के लिए संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क ने एक खुला पत्र जारी कर मस्क से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि मानवाधिकार उनके नेतृत्व में ट्विटर के प्रबंधन का अभिन्न अंग है। पत्र में कहा गया, ‘ऐसी खबर है कि ट्विटर की पूरी एच आर टीम और इसकी दो एआई टीम को छोड़कर सभी टीम को इस सप्ताह निकाल दिया गया है, यह मेरे दृष्टिकोण से उत्साहजनक शुरुआत नहीं है।
navbharat times

Meta Layoffs : छंटनी, छंटनी, छंटनी… ट्विटर के बाद अब 11,000 कर्मचारियों को निकाल रही फेसबुक की मूल कंपनी मेटा
कई कंपनियों ने रोके विज्ञापन

फाइजर, जनरल मिल्स और वोक्सवैगन कुछ ऐसी कंपनियां हैं जिन्होंने हाल ही में ट्विटर पर अपने विज्ञापन रोक दिए हैं। अन्य कंपनियां छंटनी की घोषणाओं के बाद इनका अनुसरण कर सकती हैं। ट्विटर उपयोगकर्ता पहले से ही वैकल्पिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जा रहे हैं, और बड़े पैमाने पर नौकरियों में कटौती की खबरों के बाद इस तरह का पलायन जारी रह सकता है। ऐसा ही एक विकल्प, आयरिश माइक्रोब्लॉगिंग साइट मास्टोडन का दावा है कि ट्विटर के अधिग्रहण सौदे के बाद से 230,000 से अधिक लोग उसके पास चले आए हैं।

डिजिटल छंटनी से चिंतित हैं?

ट्विटर अराजकता निश्चित रूप से खत्म होने वाली नहीं लगती। रिपोर्टों से संकेत मिला है कि कंपनी अब कुछ बर्खास्त कर्मचारियों को काम पर लौटने के लिए कह रही है। हाल के महीनों में तकनीकी क्षेत्र में कर्मचारियों को हटाने का सिलसिला तेजी से बढ़ा है, फेसबुक की मूल कंपनी मेटा ने 11,000 कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की है। यदि आप छंटनी का सामना करते हैं, चाहे डिजिटल रूप से या आमने-सामने तो अपने अधिकारों को जानना महत्वपूर्ण है। यूनियनें इसके बारे में जानकारी प्रदान कर सकती हैं और छंटनी की घोषणा से पहले और बाद में कर्मचारियों का समर्थन और प्रतिनिधित्व भी कर सकती हैं।



Source link