नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) कल यानी एक फरवरी को वित्त वर्ष 2023-24 का बजट पेश करेंगी। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने खुशखबरी दी है। उसका कहना है कि फाइनेंशियल ईयर 2023 और 2024 में भारत की इकॉनमी दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ने वाली इकॉनमी होगी। आईएमएफ के मुताबिक भारतीय इकॉनमी के इस वित्त वर्ष में 6.1 फीसदी रहने की संभावना है जबकि अगले फाइनेंशियल ईयर में यह 6.8 फीसदी रह सकती है। दूसरी ओर ग्लोबल इकॉनमी में 2023 में गिरावट आने की आशंका है। 2022 में इसके 3.4 फीसदी रहने का अनुमान था जबकि 2023 में यह 2.9 फीसदी रह सकती है। ग्लोबल इकॉनमी की ग्रोथ 2024 में 3.1 फीसदी रह सकती है।
IMF के चीफ इकनॉमिस्ट और डायरेक्टर Pierre-Olivier Gourinchas ने कहा कि भारत के लिए हमारे पिछले अनुमान में कोई बदलाव नहीं आया है। इस वित्त वर्ष में भारत की इकॉनमी 6.8 फीसदी की रफ्तार से बढ़ सकती है। अगले वर्ष इसमें थोड़ा गिरावट आ सकती है और यह 6.1 फीसदी रह सकती है। इसमें एक्टरनल फैक्टर्स की अहम भूमिका होगी। लेकिन इंडियन इकॉनमी की ग्लोबल इकॉनमी में अहम भूमिका होगी और यह एक ब्राइट स्पॉट का काम करेगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में इकॉनमिक सर्वे पेश करेंगी।