Foreign Exchange Reserve: लगातार दूसरे स्प्ताह बढ़ा भारत का विदेशी मुद्रा भंडार, जानिए कहां तक पहुंचा


मुंबई: विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign Exchange Reserve) के मोर्चे पर लगातार दूसरे सप्ताह अच्छी खबर मिली है। बीते 18 नवंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान अपना विदेशी मुद्रा भंडार 2.537 अरब डॉलर बढ़कर 547.252 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस महीने यह लगातार दूसरे सप्ताह है, जबकि इसमें वृद्धि हुई है।

अगस्त 2021 के बाद सबसे तेज वृद्धि
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से मिली जानकारी के मुताबिक 18 नवंबर 2022 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 547.252 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इससे पहले, 11 नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 14.72 अरब डॉलर बढ़कर 544.72 अरब डॉलर तक पहुंचा था। अगस्त 2021 के बाद देश के विदेशी मुद्रा भंडार में इस सप्ताह सबसे तेज वृद्धि हुई है।

अक्टूबर 2021 में पहुंचा था उच्चतम स्तर पर
गौरतलब है कि अक्टूबर 2021 में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। वैश्विक घटनाक्रम के बीच केंद्रीय बैंक के रुपये की विनियम दर में तेज गिरावट को रोकने के लिए मुद्रा भंडार का उपयोग करने की वजह से इसमें कमी आई है।

एफसीए में भी हुई बढ़ोतरी
केंद्रीय बैंक ने कहा है कि 18 नवंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा आस्तियां (FCA) 1.76 अरब डॉलर बढ़कर 484.288 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में मुद्रा भंडार में रखे यूरो, पौंड और जापानी येन जैसे गैर डॉलर मुद्रा के मूल्य में आई कमी या बढ़त के प्रभावों को दर्शाया जाता है।

बढ़ा सोने का भंडार
आलोच्य सप्ताह के दौरान अपने सोने के भंडार में भी बढ़ोतरी हुई। बीते 18 नवंबर को इसके मूल्य में 31.5 करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई। इसके साथ ही अपना स्वर्ण भंडार 40.011 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

एसडीआर भी बढ़ा
आंकड़ों के अनुसार, विशेष आहरण अधिकार (SDR) 35.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 17.906 अरब डॉलर हो गया। समीक्षाधीन सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में रखा देश का मुद्राभंडार भी 11.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 5.047 अरब डॉलर हो गया।



Source link