WPL 2023 में इन टॉप 5 भारतीय खिलाड़ियों पर होगी सभी की निगाहें


Smriti Mandhana, Harmanpreet Kaur- India TV Hindi

Image Source : GETTY
स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर

WPL 2023: महिला प्रीमियर लीग का आयोजन 4 मार्च से लेकर 26 मार्च तक मुंबई में किया जाएगा। लीग के सभी मैच मुंबई के दो स्टेडियम में खेले जाएंगे। टीमों ने तो मैचों के लिए अपनी तैयारियां भी शुरू कर दी है। लीग के पहले सीजन में कुल पांच टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस लीग को सफल बनाने के लिए दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात जायंट्स, मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और यूपी वारियर्स की टीमों ने अपने पैसे खर्च किए हैं। आइए इस लीग के शुरू होने से पहले उन भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट पर एक नजर डालें जो इस टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से तहलका मचा सकती हैं।

महिला प्रीमियर लीग की टॉप 5 भारतीय खिलाड़ी

  • स्मृति मंधाना (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, 3.4 करोड़ रुपए)

इस लिस्ट में सबसे पहला नाम भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना का है। पिछले कुछ सालों में स्मृति ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को इंप्रेस किया है। स्मृति मंधाना उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक जो दुनिया की अलग-अलग लीगों में भी खेलती हैं। हाल ही में खेले गए महिला टी20 वर्ल्ड कप में स्मृति मंधाना ने शानदार प्रदर्शन किया था। आयरलैंड के खिलाफ उन्होंने 87 रन बनाकर टी20 में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। फैंस को उम्मीद है कि वह इस साल होने वाले महिला प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन करेंगी।

  • शेफाली वर्मा (दिल्ली कैपिटल्स, 2 करोड़ रुपए)

क्रिकेट के अपने निडर अंदाज के लिए जानी जाने वाली शेफाली वर्मा महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिए खेलती नजर आएंगी। इस युवा खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से टीम इंडिया के लिए कई बार कमाल किया है। हाल ही उन्हीं की कप्तानी में भारत ने अंडर 19 वर्ल्ड कप अपने नाम किया था। शेफाली बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी कमाल कर सकती हैं। कई बार वह टीम इंडिया के लिए छठे गेंदबाज की भूमिका निभाती हुई देखी जाती हैं। टी20 में, उन्होंने 56 मैचों में 73 के उच्चतम स्कोर के साथ 1,333 रन बनाए हैं। 19 वर्षीय शेफाली महिला बिग बैश लीग क्लब बमिर्ंघम फीनिक्स और सिडनी सिक्सर्स के साथ भी खेल चुकी हैं।

  • हरमनप्रीत कौर (मुंबई इंडियंस, 1.8 करोड़ रुपए)

टीम इंडिया कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए महिला प्रीमियर लीग का यह सीजन बेहद खास होने जा रहा है। आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस ने उन्हें इस साल महिला टीम के लिए खरीदा है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक क्वालीफाई किया था। वह भारत के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी रही हैं और कुछ ही ओवरों में खेल का रुख बदल सकती हैं। 33 वर्षीय ने 270 से अधिक मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम पर 6,000 से अधिक रन हैं। वह टी20 इंटरनेशनल में 150 से अधिक मैच खेलने वाली इकलौती खिलाड़ी हैं।

  • ऋचा घोष (रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, 1.90 करोड़ रुपए)

टीम इंडिया की युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ने साल 2020 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वहीं इस साल वह उस अंडर 19 टीम का हिस्सा थी जिसने वर्ल्ड कप जीता था। काफी कम उम्र में उन्होंने काफी ज्यादा अनुभव हासिल कर लिया है। उन्होंने 30 टी20 मैचों में 427 रन बनाए हैं। घोष ने 134.27 के स्ट्राइक रेट से टी20 में तेजी से रन बनाने की अपनी क्षमता से सभी को प्रभावित किया है। ऋचा धीरे-धीरे एक फिनिशर की भूमिका में बढ़ रही हैं। घोष की छक्के मारने की क्षमता सभी देख सकते हैं और वह स्टंप्स के पीछे भी एक शानदार खिलाड़ी हैं।

  • दीप्ति शर्मा (यूपी वारियर्स, 2.6 करोड़ रुपए)

दीप्ति शर्मा महिला क्रिकेट की बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक हैं। वह एक ऐसी खिलाड़ी है, जो बल्ले और गेंद दोनों से अपने महत्वपूर्ण योगदान से टीम को संतुलन प्रदान करती हैं। वह निचले मध्य क्रम के बल्लेबाज के रूप में लगातार रन बना रही हैं। गेंदबाजी के मोर्चे पर, दीप्ति यकीनन इस समय भारत की सर्वश्रेष्ठ स्पिनर हैं। दीप्ति का तीनों प्रारूपों में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार रिकॉर्ड है। टी20 इंटरनेशनल में दीप्ति के नाम 86 मैचों में 898 रन और 95 विकेट हैं।

यह भी पढ़े

Latest Cricket News





Source link